गाजियाबाद की पांच विधानसभा सीटों में से एक पर पंजाबी समाज को मिले राजनीतिक प्रतिनिधित्व: इंदरजीत सिंह

गाजियाबाद। पंजाबी समाज के प्रतिनिधि इंदरजीत सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव में गाजियाबाद की पांच विधानसभा सीटों में से किसी एक सीट पर पंजाबी समाज के योग्य, जनाधार वाले व्यक्ति को अवसर दिए जाने की मांग की है। उन्होंने NDA नेतृत्व से पंजाबी समाज की इस मांग पर गंभीरता से विचार करने और उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की अपील की।
इंदरजीत सिंह ने कहा कि सिख और पंजाबी समाज का भाजपा एवं NDA के साथ संबंध केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सेवा, राष्ट्रहित, त्याग और भाईचारे की भावना पर आधारित रहा है। सिख धर्म के गुरुओं और उनके बलिदानों के प्रति सम्मान ने दोनों पक्षों के बीच मजबूत भावनात्मक जुड़ाव बनाया है।
उन्होंने कहा कि पंजाबी समाज सुख-दुख के साथ-साथ सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर हमेशा NDA के साथ खड़ा रहा है और आगे भी गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पंजाबी समाज को केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों तथा दोनों नेताओं के नेतृत्व पर पूरा विश्वास है।
उन्होंने गाजियाबाद के राजनीतिक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि 1952 और 1967 के बाद स्वर्गीय सरदार तेजा सिंह ने लंबे समय तक पंजाबी समाज का नेतृत्व किया। इसके बाद लगभग छह दशक बीत चुके हैं और अब समय आ गया है कि पंजाबी समाज को भी विधानसभा में प्रतिनिधित्व का अवसर मिले।
इंदरजीत सिंह ने कहा कि गाजियाबाद की पांच विधानसभा सीटों में से किसी एक सीट पर पंजाबी समाज के योग्य और जनाधार वाले व्यक्ति को अवसर देकर विधानसभा तक पहुंचने का मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह समाज की स्वाभाविक राजनीतिक अपेक्षा है और NDA नेतृत्व को इस पर सकारात्मक पहल करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “पंजाबी समाज हमेशा आपके साथ खड़ा रहा है, खड़ा है और खड़ा रहेगा।” उन्होंने उम्मीद जताई कि NDA गठबंधन पंजाबी समाज की भावनाओं को समझते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में उसे उचित राजनीतिक सम्मान और प्रतिनिधित्व देने की दिशा में सकारात्मक निर्णय करेगा।



