नारायण अन्न सेवा ने 50 हजार भोजन वितरण का ऐतिहासिक पड़ाव किया पूरा

गाजियाबाद। मानवता, सेवा और करुणा को समर्पित क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित “नारायण अन्न सेवा” अभियान ने 50 हजार भोजन वितरण का भावुक एवं ऐतिहासिक पड़ाव सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उन हजारों जरूरतमंद लोगों की दुआओं, मुस्कानों और संतुष्टि का प्रतीक है, जिन तक प्रतिदिन प्रेम, सम्मान और अपनत्व के साथ भोजन पहुंचाया गया।

संस्था का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए और हर जरूरतमंद तक समय पर भोजन पहुंचे। इसी संकल्प के साथ नारायण अन्न सेवा अभियान लगातार जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने का कार्य कर रहा है। प्रतिदिन मंदिरों, सड़कों और विभिन्न जरूरतमंद क्षेत्रों में भोजन वितरण कर मानवता और सेवा का संदेश दिया जा रहा है।

क्राउड फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी अरविंद कुमार सिंह ने भावुक होकर कहा कि कई बार ऐसे लोगों को भोजन कराया गया, जिनकी आंखों में भूख और बेबसी साफ दिखाई देती थी। भोजन मिलने के बाद जब वही लोग मुस्कुराते हुए आशीर्वाद देते हैं, तो ऐसा महसूस होता है मानो भगवान स्वयं सेवा स्वीकार कर रहे हों। उन्होंने कहा कि 50 हजार भोजन सेवा का यह पड़ाव समाज के सहयोग, स्वयंसेवकों की मेहनत और ईश्वर की कृपा का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा कि “नारायण अन्न सेवा” केवल भोजन वितरण का अभियान नहीं, बल्कि समाज में मानवता, सेवा और सनातन संस्कृति की भावना को मजबूत करने का प्रयास है। संस्था का संकल्प है कि यह सेवा निरंतर जारी रहेगी और अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।

संस्था की ओर से सभी दानदाताओं, स्वयंसेवकों, युवाओं और सहयोगकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया गया, जिनके सहयोग से यह सेवा अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। संस्था ने कहा कि समाज के सहयोग और लोगों की भागीदारी से यह मिशन और अधिक व्यापक रूप ले रहा है।

“मानव सेवा ही माधव सेवा” और “अन्नदान महादान” के संदेश को आत्मसात करते हुए नारायण अन्न सेवा अभियान निरंतर मानवता की सेवा में समर्पित है।

Related Articles

Back to top button