भुसैला तालाब ड्रेन नाला बना मुसीबत, हजारों बीघा धान जलमग्न; ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

तिलोई (अमेठी)। तिलोई क्षेत्र में भुसैला तालाब ड्रेन नाले की लंबे समय से सफाई न होने के कारण किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इटहिया पुल से मोहना ग्रामसभा स्थित रामरतन के खेत तक नाले में जलभराव और अवरुद्ध पानी की निकासी के चलते आसपास के खेतों में बारिश का पानी फैल गया है। हजारों बीघा धान की फसल जलमग्न होने से किसानों को भारी नुकसान की चिंता सताने लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि भुसैला तालाब ड्रेन नाले में लंबे समय से सफाई नहीं कराई गई है।
जगह-जगह झाड़ियां, घास-फूस और गंदगी जमा होने से पानी का बहाव प्रभावित है। लगातार बारिश के बाद नाले का पानी खेतों में फैल गया, जिससे धान की खड़ी फसल डूब गई। फसल बर्बादी की आशंका से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने हजारों बीघा धान की फसल जलमग्न होने पर अपनी महीनों की मेहनत और संभावित आर्थिक नुकसान का दुख जताया। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से भुसैला तालाब ड्रेन नाले की तत्काल सफाई कराने, जलनिकासी सुचारु कराने और मौके का निरीक्षण करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द पानी की निकासी नहीं हुई तो बारिश के साथ हालात और गंभीर हो सकते हैं।



