न्यायालय गाँव की ओर चला अभियान
पांच ग्राम पंचायतों में लीगल-क्लिनिक सेंटरों की व्यवस्थाओं का जायजा, तीन में मिली अव्यवस्था

जसवंतनगर,इटावा। माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में तथा जिला जज रजत सिंह जैन के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा क्षेत्र की पांच ग्राम पंचायतों में स्थापित किए गए लीगल एड क्लिनिक सेंटरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। यह कार्य जिलाविधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आरती द्विवेदी के निर्देशानुसार किया गया।
प्राधिकरण कार्यालय से आए ऋषि कुमार ने पीएलवी अधिकार मित्र ऋषभ पाठक, लालमन बाथम, राजेंद्र सिंह एवं कुमारी नीरज के साथ ग्राम पंचायत धरवार, जगसौरा,अजनौरा, जसोहन एवं धनुवां में बने लीगल एड क्लिनिक सेंटरों की व्यवस्थाओं को देखा और आवश्यक जानकारी एकत्र की।
इस दौरान तीन लीगल एड क्लिनिक सेंटरों में अव्यवस्था पाई गई, जिस पर संबंधित लोगों को शीघ्र सुधार के लिए अवगत कराया गया। वहीं दो सेंटरों की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जिनकी जानकारी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायालय को दी गई है।
बताया गया है कि इन लीगल एड क्लिनिक सेंटरों का उद्देश्य ग्रामीणों को न्यायालय की सरल प्रक्रिया से जोड़ना है, ताकि वे बिना किसी खर्च और बिचौलिये के पीएलवी के माध्यम से अपनी समस्याएं और शिकायतें न्यायालय तक पहुंचा सकें। साथ ही सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी देने और उनसे जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी इन केंद्रों की अहम भूमिका रहेगी।
इसके अलावा जिन ग्राम पंचायतों में अभी लीगल एड क्लिनिक सेंटर स्थापित नहीं हुए हैं, वहां न्यायालय से जुड़े लोग अधिकार मित्रों के साथ डोर-टू-डोर जाकर ग्रामीणों को विधिक सहायता एवं जागरूकता प्रदान करेंगे।



