दुकान के बाहर से रिफाइंड की टीन चोरी

चोरी की घटना सीसीटीवी में हुई कैद

जसवंतनगर,इटावा। नगर की किराना गली स्थित विधिचंद जैन किराना स्टोर के बाहर रखी रिफाइंड तेल की टीनों में से बाइक सवार दो युवक एक टीन चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज वायरल होने के बाद दुकानदार ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।
दुकानदार श्वेतांग जैन ने बताया कि बुधवार सुबह दुकान पर माल आया था। माल को दुकान के बाहर रख दिया गया था। इसी दौरान वह दुकान की चाबी लेने के लिए घर चले गए। कुछ देर बाद बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे। आसपास किसी को न देखकर एक युवक ने रिफाइंड तेल की टीन उठाकर मोटरसाइकिल पर रख ली और दोनों वहां से फरार हो गए।

दुकान लौटने पर टीन गायब मिलने पर दुकानदार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें बाइक सवार दोनों युवक चोरी करते हुए दिखाई दिए। घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। दुकानदार ने फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Back to top button