मिशन शक्ति: महिला-युवतियों को किया जागरूक
बलरई पुलिस ने इंटर कॉलेज में साइबर अपराधों से बचाव व महिला सुरक्षा, सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

जसवंतनगर,इटावा। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बलरई थाना पुलिस ने क्षेत्र के श्री रघुवर दयाल पाठक इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए,जबकि महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा,सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।
एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित चौपाल के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को मिशन शक्ति और ऑपरेशन मजनू के बारे में जानकारी दी। साथ ही जागरूकता पंपलेट वितरित कर महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस से सहायता प्राप्त करने के तरीकों के बारे में बताया।
पुलिस टीम ने विधवा पेंशन,वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना,मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना,छात्रवृत्ति योजना और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने और नशे से दूर रहने की सलाह दी गई। वहीं,महिलाओं एवं बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों की मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने जागरूकता संबंधी जानकारी परिवार और परिचितों तक पहुंचाने की अपील भी की।
इस दौरान थानाध्यक्ष आलोक कुमार, उपनिरीक्षक जसवंत सिंह,कॉलेज के प्रधानाचार्य सचिन यादव सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।



