15 दिन में पूरा होगा सड़कों का मरम्मत कार्य, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

गाजियाबाद। जिले में लोक निर्माण विभाग की ओर से कराए जा रहे निर्माण एवं विशेष मरम्मत कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता जांचने के लिए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बुधवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने दिल्ली-कानपुर मार्ग (पुराना जीटी रोड) पर चैनेज 22.600 से 23.800 तक चल रहे मार्ग चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और आरसीसी डिवाइडर निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने मार्ग चौड़ीकरण में बाधक बन रहे विद्युत पोल और नगर निगम के ओवरहेड साइनेज बोर्ड को प्राथमिकता से हटाने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों को 10 दिन के भीतर कार्रवाई पूरी करने को कहा गया।

इसके बाद डीएम ने ज्ञानी बॉर्डर से मोहननगर मार्ग (अजनारा मोड़) पर चल रहे विशेष मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने श्यामपार्क मेट्रो स्टेशन के नीचे सीसी मार्ग का निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं शाहिदनगर मेट्रो स्टेशन के नीचे बने सीसी मार्ग का निरीक्षण करने पर दायीं ओर करीब 330 मीटर लंबाई और नौ मीटर चौड़ाई तथा बायीं ओर करीब 300 मीटर लंबाई और पांच मीटर चौड़ाई में काम पूरा मिला।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीसी मार्ग को स्वीकृत चौड़ाई में विकसित करने के साथ शेष बिटुमिनस कार्य भी अगले 15 दिन में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रामराजा, सहायक अभियंता डीके शर्मा, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता समेत अन्य अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button