पचास विद्युत उपभोक्ताओं के काटे कनेक्शन
बकाया बिल बसूली अभियान को दो टीमों ने चलाया सर्च आपरेशन

जसवंतनगर,इटावा। दीपावली के त्योहार के बाद विजली विभाग ने गुरुवार को बकाया बिजली बिलों की वसूली के लिए नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभाग की दो टीमों ने अलग-अलग मोहल्लों में कार्रवाई करते हुए करीब 50 बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए। वहीं अभियान के दौरान करीब पांच लाख रुपये की बकाया धनराशि भी वसूल की गई।
विजली विभाग की टीमों ने घरों और प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर बिजली बिलों की जांच की और उपभोक्ताओं को बकाया धनराशि जमा करने के लिए प्रेरित किया। लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए। विभाग की इस कार्रवाई से बकायेदारों में खलबली मची रही।
एसडीओ राकेश कुमार ने बताया कि बकाया बिलों की वसूली के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। दोनों टीमें अलग-अलग मोहल्लों में अभियान चला रही हैं। 10 हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि करीब 50 कनेक्शन काटने के साथ पांच लाख रुपये की वसूली की गई है।
उन्होंने कहा कि बकाया वसूली के साथ बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए भी चेकिंग की जा रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय से बिजली बिल जमा करने की अपील की, ताकि कनेक्शन कटने जैसी कार्रवाई से बचा जा सके।



