वैज्ञानिक चिंतन के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ा रही है विद्या भारती : डॉ. सौरभ मालवीय

सुलतानपुर। विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र द्वारा आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय विज्ञान, गणित एवं संस्कृति महोत्सव-2026 का शुभारंभ सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ज्ञान कुंज, विवेकानंद नगर, सुलतानपुर में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ हुआ। महोत्सव 14 नवंबर तक चलेगा। इसमें क्षेत्र की आठ समितियों एवं चार प्रांतों के सभी 49 जनपदों से लगभग 1200 विद्यार्थी प्रतिभाग कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के संगठन मंत्री हेमचंद्र , विशिष्ट अतिथि नगर विधायक विनोद कुमार सिंह तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे क्षेत्र मंत्री एवं लखनऊ विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. सौरभ मालवीय ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभाग संघचालक एवं सुविख्यात शल्य चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
दीपप्रज्ज्वलन के पश्चात् प्रधानाचार्य राकेश मणि त्रिपाठी द्वारा अतिथि परिचय कराया गया।
इस अवसर पर डॉ. सौरभ मालवीय ने कहा कि विद्या भारती वैज्ञानिक चिंतन के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। विज्ञान, गणित एवं संस्कृति महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत के गौरवशाली इतिहास, धर्म, संस्कृति, पर्व-त्योहारों, तीर्थस्थलों तथा राष्ट्रीय महापुरुषों के जीवन से रोचक एवं सहज तरीके से परिचित कराना है। इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा, अन्वेषण की प्रवृत्ति और रचनात्मक चिंतन का विकास होता है।
उन्होंने कहा कि वैदिक गणित भारतीय ज्ञान परंपरा की ऐसी अनुपम विद्या है, जो जटिल गणनाओं को सरल बनाने के साथ विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, एकाग्रता एवं गणना कौशल का विकास करती है। विज्ञान प्रश्न मंच, गणित मेला और संस्कृति महोत्सव जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उन्हें शोध, नवाचार और सृजनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करना विद्या भारती का प्रमुख उद्देश्य है।
मुख्य अतिथि एवं क्षेत्र संगठन मंत्री हेमचंद्र ने कहा कि विद्या भारती आधुनिक विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा को भारतीय जीवन मूल्यों और ज्ञान परंपरा के साथ जोड़कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य वैज्ञानिक दृष्टिकोण से संपन्न, राष्ट्र के प्रति समर्पित और स्वावलंबी पीढ़ी का निर्माण करना है।
विनोद कुमार सिंह ने विद्या भारती द्वारा पाठ्य सहगामी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं आधुनिक ज्ञान-विज्ञान से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर क्षेत्र सह संगठन मंत्री डॉ. राम मनोहर, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार सिंह, विज्ञान संयोजक बांके बिहारी पाण्डेय सहित अनेक पदाधिकारी, शिक्षाविद्, आचार्य एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



