जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक संपन्न

अंत्योदय कार्ड धारकों एवं 70+ आयु वाले व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता पर बनाए जाएं – डीएम

मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय एवं विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की संयुक्त समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक में टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, कुष्ठ एवं क्षय रोग नियंत्रण सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि जनपद में आरबीएसके कार्यक्रम के तहत डीईआईसी (डिस्ट्रिक्ट अर्ली इंटरवेंशन सेंटर) की स्थापना की आवश्यकता है, ताकि जन्म से 19 वर्ष तक के बच्चों में पाई जाने वाली बीमारी, कमी या विकास संबंधी विलम्ब का उपचार जिले में ही संभव हो सके। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संस्थागत प्रसवों की समीक्षा में डीएम ने दोहरीघाट एवं फतेहपुर मंडाव के चिकित्सा अधिकारियों को प्रसव की स्थिति में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत आशाओं के भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी न होने की सख्त हिदायत दी। जिलाधिकारी ने कहा कि आशाओं को उनके कार्यों के आधार पर मानदेय में वृद्धि की जानकारी देते हुए उनका प्रोत्साहन किया जाए।

ई-कवच पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण के संबंध में एसीएमओ डॉ. बीके यादव ने बताया कि एएनएम द्वारा समय पर फीडिंग अनिवार्य है, अन्यथा यह जनपद की स्वास्थ्य रैंकिंग को प्रभावित करेगा।

प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिलाधिकारी ने विशेष अभियान चलाकर अंत्योदय कार्ड धारकों एवं 70 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड प्राथमिकता के आधार पर जारी करने के निर्देश दिए। डीएम ने यह भी कहा कि किसी भी बच्चे का टीकाकरण छूटने न पाए, इसके लिए लोगों को जागरूक किया जाए जिससे गंभीर बीमारियों से बचाव संभव हो सके।

कुष्ठ रोग उन्मूलन कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई और आगामी अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
ओपीडी-आईपीडी सेवाएं, हेल्थ वेलनेस सेंटरों की स्थिति, एम्बुलेंस सेवाएं, आभा आईडी प्रगति, परिवार नियोजन, जन्म-मृत्यु पंजीयन आदि बिंदुओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को समय से उपस्थित होकर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी।

Related Articles

Back to top button