दो सप्ताह खांसी आने पर टीबी की कराएं जांच
100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के तहत अर्बन पीएचसी में लगा शिविर

जसवंतनगर,इटावा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.विजेंद्र सिंह के निर्देश और डीटीओ प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान के तहत जनभागीदारी बढ़ाने के लिए अर्बन पीएचसी में स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में लक्षणयुक्त व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की गई। साथ ही हैंड हेल्ड मशीन के माध्यम से एक्स-रे भी किए गए।
उपचार पर्यवेक्षक जितेंद्र कुमार ने लोगों को टीबी के लक्षण,बचाव और उपचार की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी रहना,सीने में दर्द,बलगम में खून आना, शाम के समय पसीना आना,वजन कम होना,बच्चों का वजन न बढ़ना,भूख कम लगना और गले में गांठ होना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर मरीज को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर निशुल्क बलगम की जांच कराएं। टीबी की पुष्टि होने पर सरकार की ओर से पूरा उपचार निशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। उपचार के दौरान मरीज को बेहतर पोषण के लिए डीबीटी के माध्यम से प्रतिमाह 1 हजार रुपये की सहायता भी दी जाती है।
शिविर में डॉ.शालू यादव, जिला कॉर्डिनेटर रविंद्र सिंह,फार्मासिस्ट लक्ष्मी नारायण,आशा कार्यकर्ता एवं आशा संगिनी समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।



