मिशन शक्ति केंद्र पर निपटे पारिवारिक विवाद
मिशन शक्ति केंद्र में वादी-प्रतिवादियों को आमने-सामने बैठाकर सुनी समस्याएं

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना परिसर स्थित मिशन शक्ति केंद्र में शुक्रवार को सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह की मौजूदगी में पारिवारिक विवादों से जुड़े वादी और प्रतिवादियों की समस्याएं सुनी गईं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और परिवारों से जुड़े विवादों का प्राथमिकता के आधार पर काउंसिल के माध्यम से निस्तारण कराने का प्रयास किया जा रहा है। एमएसके प्रभारी प्रदीप अवस्थी, महिला आरक्षी सावित्री और दीक्षा ने दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद के कारणों की जानकारी ली।
पुलिस ने दोनों पक्षों को आपसी बातचीत और समझदारी से विवाद सुलझाने की सलाह दी। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा,सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कर्मचारियों ने महिलाओं को पुलिस की ओर से उपलब्ध सहायता की जानकारी भी दी। थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य दोनों पक्षों की बात सुनकर नियमानुसार कार्रवाई कर पीड़ित को न्याय दिलाना है।



