कूड़े से भरे डंपर की चपेट में आने से परिचालक की मौत, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल-समयपुर रोड पर शुक्रवार सुबह नगर निगम के कूड़े से भरे डंपर की चपेट में आने से एक परिचालक की मौत हो गई। सड़क किनारे शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय जसवीर सिंह पुत्र नेपाल सिंह निवासी ग्राम जिरावली, अलीगढ़ के रूप में हुई है।
बताया गया कि जसवीर सिंह नगर निगम के वाहन पर चालक के साथ परिचालक के रूप में कार्य करता था। शुक्रवार सुबह करीब 10:56 बजे पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम खब्बारसी कट के पास नगर निगम के वाहन से एक व्यक्ति का एक्सीडेंट हो गया है, जिसमें उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने क्षेत्र में संचालित डंपिंग ग्राउंड को हटाने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि कूड़े से भरे भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण क्षेत्र में हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।



