आपकी पुलिस आपके द्वार’ अभियान के तहत 10 हजार नागरिकों से किया संपर्क
घर-घर पहुंचकर पुलिस ने सुनीं समस्याएं, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति भी किया जागरूक

गाजियाबाद। आमजन की समस्याएं सुनने और पुलिस-जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने सोमवार को ‘आपकी पुलिस आपके द्वार’ अभियान चलाया। इसके तहत सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों ने घर-घर पहुंचकर नागरिकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं, शिकायतों व सुझावों की जानकारी ली। अभियान के दौरान करीब 10 हजार नागरिकों से संपर्क किया गया।
पुलिसकर्मियों ने लोगों का कुशलक्षेम जाना और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई कर समाधान का प्रयास किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य उन लोगों तक भी पुलिस सेवाएं पहुंचाना है, जो व्यस्तता, असमर्थता या अन्य कारणों से थाने नहीं पहुंच पाते।
स्थानीय समस्याओं की जुटाई जानकारी
12 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के तहत पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनसंपर्क कर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और रोजमर्रा की समस्याओं के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। शिकायत मौखिक या लिखित रूप में भी दी जा सकती है।
महिला सुरक्षा और सम्मान पर जोर
अभियान के साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इनमें महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मनिर्भरता तथा सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को आमंत्रित कर उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिला सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को अपनी समस्याओं के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, घर-घर जाकर नागरिकों से संवाद करने और शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई करने से पुलिस-जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिलेगी। इस पहल के जरिए जनसहभागिता बढ़ाने और आमजन को पुलिस सेवाओं से सीधे जोड़ने का प्रयास किया गया।



