संजय यदुवंशी के घर पुलिस दबिश मामले में राज्य मानवाधिकार आयोग सख्त: एसपी, सुल्तानपुर से मांगी जांच रिपोर्ट

लखनऊ/प्रयागराज। अवधी गायक संजय यदुवंशी के सुल्तानपुर स्थित आवास पर रात्रि में पुलिस दबिश, कथित रूप से दीवार फांदकर घर में प्रवेश करने तथा घर में मौजूद महिलाओं के साथ अभद्रता एवं गाली-गलौज किए जाने के मामले में इलाहाबाद हाई कोर्ट के अधिवक्ता डॉ. गजेन्द्र सिंह यादव द्वारा उत्तर प्रदेश राज्य मानवाधिकार आयोग में दर्ज कराई गई शिकायत पर आयोग ने महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है।

आयोग ने शिकायत में लगाए गए आरोपों की प्रकृति को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, सुल्तानपुर से जांच रिपोर्ट तलब की है। आदेश के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मामले की आवश्यक जांच करते हुए शिकायतकर्ता को भी जांच में शामिल करेंगे तथा अपनी रिपोर्ट 9 दिसंबर 2026 तक आयोग के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। प्रकरण की अगली सुनवाई के लिए पत्रावली 10 दिसंबर 2026 को प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि धम्मौर थाना प्रभारी लगभग 15–20 पुलिसकर्मियों के साथ रात्रि में संजय यदुवंशी के घर पहुंचे, जहां महिलाएं एवं अन्य परिजन मौजूद थे।

आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने दीवार फांदकर घर में प्रवेश किया तथा परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया। शिकायत में पुलिस कार्रवाई के वैधानिक आधार, महिलाओं की गरिमा एवं निजता तथा पुलिस की जवाबदेही की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।अधिवक्ता ने कहा कि पुलिस को कानून के अनुसार कार्रवाई करने का अधिकार है, लेकिन प्रत्येक कार्रवाई में नागरिकों के संवैधानिक एवं मानवाधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। अब आयोग के आदेश के तहत पुलिस अधीक्षक, सुल्तानपुर द्वारा की जाने वाली जांच और प्रस्तुत की जाने वाली रिपोर्ट महत्वपूर्ण होगी।

Related Articles

Back to top button