संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के एक गांव में एक 17 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे की छत के हुक से फांसी लगा कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मामला क्षेत्र के नरई गांव का है जहां कक्षा 10 की छात्रा हिमांशी ने छत के कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी लगा कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
परिजनों के अनुसार ससुर की तबियत बिगड़ने पर पिता दीपक गोसाई पत्नी के साथ जिला अस्पताल गया था। छोटा भाई प्रियांशु गांव में घूमने निकला था, जबकि छोटी बहन आंशी सामान लेने दुकान गई हुई थी। आंशी समान लेकर जब घर लौटी तो कमरे का दरवाजा खुला देख अंदर गई सामने का दृश्य देखते ही दहशत में आकर चीख पड़ी—हिमांशी छत में लगे कुंडे से रस्सी के सहारे लटकी थी। शोर सुनते ही आसपास के लोग दौड़े और तत्काल पिता को सूचना दी।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव, एसआई दिनेश गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने कमरे से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हर बिंदु पर जांच की जा रही है।
—————————————
खेत में मिले शव मामले में दो अभियुक्त गिरफ्तार
महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र में खेत में मिले खून से लथपथ शव का राज अंततः खुलने लगा है। 30 नवंबर को पूरे मोती गांव के पास खेत में मिले 40 वर्षीय दीपक गोस्वामी की मौत को पहले हादसा बताने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ में मामला हत्या की कगार पर आकर खड़ा हो गया है।
घटना के बाद मृतक के भाई संतोष कुमार गोस्वामी ने एक्सिडेंट की आशंका जताते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। परंतु जांच गहराने पर कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पूछताछ में पूरे तालेबंद ज्योना के अमित और आवेश ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि 29 नवंबर की रात वे अपने मामा के लड़के बृजेश पुरी (निवासी—गोसाई का पुरवा, थाना जामो अमेठी) और उसके साथी कमलेश पुरी (निवासी—मठिया, थाना मोहनगंज अमेठी) के साथ थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और चारों ने मिलकर मृतक दीपक की डंडों व लात-घूसों से बेरहमी से पिटाई कर दी।
आरोपियों ने पीड़ित को गनपत के पुरवा जाने वाले रास्ते के पास खेत में मरणासन्न हालत में छोड़ दिया और अंधेरे में फरार हो गए।
पुलिस ने अमित और आवेश को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी बृजेश पुरी और कमलेश पुरी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
—————————————–
सड़क दुर्घटना में मृतक उदय भान के परिवार का सहारा बनी एसबीआई जनरल बीमा पॉलिसी
महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के पूरे जमादार, बावन बुजुर्ग बल्ला निवासी उदय भान यादव की 14 जून को हरियाणा के पलवल में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था, मगर ऐसे विपरीत समय में उनकी ली गई एसबीआई जनरल बीमा पॉलिसी परिवार के लिए संबल बनकर सामने आई। उदय भान यादव द्वारा स्टेट बैंक महराजगंज शाखा से कराई गई यह पॉलिसी मात्र 1000 रुपये वार्षिक प्रीमियम की थी, जिसके तहत दुर्घटनाजनित मृत्यु पर 20 लाख रुपये की बीमा राशि निर्धारित थी।

मंगलवार को स्टेट बैंक महराजगंज शाखा में शाखा प्रबंधक अम्बर सोनी ने उदय भान यादव की पत्नी सरिता यादव को 20 लाख रुपये का चेक सौंपा। चेक मिलने के दौरान सरिता यादव के परिजन भी मौजूद रहे।
शाखा प्रबंधक अम्बर सोनी ने कहा कठिन समय में बीमा सहायता परिवार के लिए महत्वपूर्ण सहारा साबित होती है। हम चाहते हैं कि हर परिवार ऐसी योजनाओं से जुड़कर सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करे। बैंक की प्राथमिकता है कि लाभार्थी को बिना किसी परेशानी के उनका हक मिले। वहीं भावुक सरिता यादव ने कहा पति के जाने के बाद घर की जिम्मेदारियाँ बढ़ गई थीं। बैंक की इस मदद से बच्चों और परिवार का भविष्य संभालने में बड़ी राहत मिलेगी। हम स्टेट बैंक के आभारी हैं कि समय पर सहायता मिली।
बीमा राशि मिलने से शोकाकुल परिवार को आर्थिक बल मिला है और स्थानीय लोगों में बीमा योजनाओं के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है।



