चलती ट्रेन से गिरा यात्री का सूटकेस: आरपीएफ ने किया बरामद

बलरई रेलवे स्टेशन के पश्चिमी यार्ड में रेलवे ट्रैक के पास मिला सूटकेस, कपड़ों के साथ रखे थे कीमती जेवरात,बिहार जा रहा था परिवार

जसवंतनगर,इटावा।दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर बलरई रेलवे स्टेशन के पश्चिमी यार्ड में सोमवार को चलती ट्रेन से एक यात्री का सूटकेस गिर गया। रेलवे ट्रैक के पास सूटकेस पड़ा देखकर रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर आरपीएफ ने सूटकेस को बरामद कर सुरक्षित शिकोहाबाद आरपीएफ थाने पहुंचा दिया।

जानकारी के अनुसार, बिहार निवासी श्रवण कुमार मंडल सोमवार शाम छठ पर्व मनाने के लिए अपने परिवार के साथ जयपुर से बिहार के कांडोग जाने के लिए 19725 अमृत भारत एक्सप्रेस में सवार हुए थे। ट्रेन जब बलरई रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के पास पहुंची, तभी उनका सूटकेस नीचे गिर गया। सूटकेस में कपड़ों के अलावा कीमती सामान और जेवरात रखे हुए थे। सूटकेस गिरने की जानकारी होते ही परिवार परेशान हो गया और यात्री ने तत्काल रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दर्ज कराई।

इधर, रेलवे ट्रैक के पास सूटकेस पड़ा देखकर वहां से गुजर रही एक अन्य ट्रेन के लोको पायलट ने भी कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मौके पर पहुंची आरपीएफ ने सूटकेस को अपने कब्जे में लेकर शिकोहाबाद थाने पहुंचाया। सूटकेस को सुरक्षित रखवा दिया गया है।

जीआरपी प्रभारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि श्रवण कुमार मंडल का सूटकेस चलती ट्रेन से गिरने की सूचना मिली थी। आरपीएफ ने सूटकेस बरामद कर थाने में सुरक्षित रखवा दिया है। सूटकेस का स्वामी उसे लेने के लिए आ रहा है।

Related Articles

Back to top button