ओला कार चालक की गर्दन पर चाकू से हमला
लूट की कोशिश, किराये के बाकी रुपये मांगने पर बिगड़ी बात

जसवंतनगर,इटावा l नोएडा से इटावा के लिए ओला कार बुक कराकर ला रहे दो युवकों ने किराये के बाकी रुपये मांगने पर चालक की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। चालक ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों युवकों से मुकाबला किया। हाथापाई के दौरान कार अनियंत्रित होकर राजमार्ग के डिवाइडर से टकरा गई। इसी बीच गश्त कर रहे पुलिस वाहन का सायरन सुनाई देने पर दोनों युवक मौके से भाग निकले। घायल चालक को पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया।
घटना रविवार रात करीब 11:30 बजे थाना क्षेत्र में ग्राम खेड़ा धौलपुर ओवरब्रिज के ऊपर की बताई गई है। घायल चालक की पहचान 30 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह पुत्र राकेश कुमार निवासी रामगंज, पोस्ट जावपुर, थाना घिरोर, जिला मैनपुरी के रूप में हुई है।
बताया गया कि पुष्पेंद्र सिंह ग्रेटर नोएडा से इटावा आईटीआई चौराहे के लिए ओला कैब लेकर आ रहे थे। रास्ते में थाना क्षेत्र के ग्राम फूलरई के पास स्थित पेट्रोल पंप पर कार में ईंधन भरवाया गया। इसके बाद रास्ते में चालक ने युवकों से किराये के रुपये मांगे। आरोप है कि युवकों ने कहा कि 1500 रुपये दे दिए हैं, बाकी रकम इटावा पहुंचने के बाद देंगे।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि युवकों ने चालक की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया। चालक ने विरोध किया तो कार के अंदर ही दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान चाकू की नोंक चालक की गर्दन के दाहिनी ओर लग गई, जिससे वह घायल हो गया। चालक ने हिम्मत नहीं हारी और दोनों युवकों से मुकाबला करता रहा। हाथापाई के बीच कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
सायरन सुनते ही भागे आरोपी
इसी दौरान राजमार्ग पर गश्त कर रहे पुलिस वाहन का सायरन सुनाई दिया। पुलिस के आने की आहट मिलते ही दोनों युवक कार से निकलकर मौके से भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को एंबुलेंस चालक विजय वीर तथा ईएमटी अनूप कुमार की मदद से सीएचसी जसवंतनगर पहुंचाया। चालक के गर्दन और दाहिने हाथ में चोटें आई हैं।
पेट्रोल पंप और हाईवे के कैमरे खंगाल रही पुलिस
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि घटना में क्षतिग्रस्त हुई कार को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पेट्रोल पंप और राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाऐगा l



