रेलवे ट्रैक पर खून से लथपथ मिला अज्ञात व्यक्ति
खून से लथपथ व्यक्ति को सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

जसवंतनगर,इटावा। बलरई रेलवे स्टेशन के पास बुधवार देर शाम डीएफसीसी रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। रेलवे ट्रैक पर गंभीर घायल अवस्था में पड़े व्यक्ति को बलरई थाना पुलिस ने उपचार के लिए सीएचसी भेजा,जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार शाम करीब 8:38 बजे आरटी सेट के माध्यम से सूचना मिली कि बलरई रेलवे स्टेशन के पास डीएफसीसी रेलवे ट्रैक पर पोल संख्या 655/32 के नजदीक एक व्यक्ति मालगाड़ी की चपेट में आ गया है। सूचना आरपीएफ कांस्टेबल विपिन कुमार ने दी थी। जानकारी मिलते ही बलरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहां एक अज्ञात व्यक्ति आसमानी रंग की टीशर्ट और काले रंग का लोअर पहने खून से लथपथ हालत में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला।
पुलिस ने घायल को उचित माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा,जहां चिकित्सक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार, व्यक्ति की हालत गंभीर थी। मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हाउस में 72 घंटे तक शिनाख्त हेतु सुरक्षित रखवाया गया है।



