मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न, 288 जोड़ों ने रचाई शादी

ऊँचाहार, रायबरेली। शनिवार को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 288 जोड़ों ने शादी रचाई, क्षेत्रीय विधायक व मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने नवदम्पति को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, इस दौरान खाने पीने समेत अन्य इंतजाम किए गए थे।
नगर के राजकीय पीजी कालेज में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित विधानसभा स्तरीय मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में ऊँचाहार, डलमऊ, दीनशाह गौरा ,जगतपुर, रोहनियां ब्लाक तथा नगर पंचायतों के 283 जोड़ों ने वैदिक रीति रिवाज व विधि विधान से मंत्रोचारण के साथ शादी रचाई, जिसमें 5 जोड़े अल्पसंख्यक समुदाय के थे, जिनका निकाह कराया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे विधायक व प्रदेश सरकार में खाध एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री डॉ मनोज कुमार पांडेय द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।इस दौरान मंत्री ने अपने सम्बोधन में नवदम्पति को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस योजना के संचालन किये जाने को लेकर तारीफ की।उन्होंने कांग्रेस व समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए की बात करने वाली समाजवादी पार्टी जब सत्ता में थी तो जाति देखकर नौकरी दी जाती थी, और कांग्रेस ने देश में जोड़ने की नहीं बल्कि तोड़ने की राजनीति की है।बीजेपी सबका साथ व सबका विकास के रास्ते पर राजनीति करने वाली पार्टी है।देश में जब कोरोना जैसी महामारी आयी तो प्रधानमंत्री ने देश के अस्सी करोड़ व प्रदेश के 16 करोड़ गरीबों को बिना भेदभाव के निशुल्क राशन देकर बड़ी राहत दी।
मंत्री ने अपने समर्थकों के साथ नवदम्पति पर पुष्पवर्षा कर उन्हें आशीर्वाद दिया और कहा कि ऊँचाहार उनके लिए न तो वोट की मशीन है और न ही राजनीतिक अखाड़ा ऊँचाहार उनका परिवार है।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, जिला समाज कल्याण अधिकारी रणविजय सिंह, बीडीओ सुनील कुमार सिंह के अलावा आशीष तिवारी, बीजेपी नेता अभिलाष चन्द्र कौशल,मण्डल अध्यक्ष पवन सिंह, प्रधान अशोक गौतम, शिवप्रकाश पासी,बृजेश यादव, अनिकेत पासी,जगतपाल पासी, समेत हजारों लोग मौजूद रहे।



