लाठी-डंडों से पीटकर किशोर को किया घायल
चार लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के सिरहौल गांव में 16 वर्षीय किशोर को चार लोगों ने लाठी-डंडों से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट में किशोर मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजन उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में किशोर के पिता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम नगला छंद निवासी रंजीत पुत्र रूप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 25 अक्तूबर की रात करीब 9:30 बजे उसका 16 वर्षीय पुत्र ललित सिरहौल गांव में था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के दिलीप बघेल पुत्र सत्यवीर, टिंकू व रघुराज पुत्रगण मटरू और भूरे पुत्र भप्पे ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों ने लाठी-डंडों से ललित की बेरहमी से पिटाई कर दी।
पिटाई से ललित मौके पर ही बेहोश हो गया। आरोप है कि हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। शोर सुनकर ललित के पिता रंजीत, उसका भतीजा अरविंद और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायल किशोर को एंबुलेंस से सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
26 अक्तूबर को रंजीत ने थाना पहुंचकर तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



