सरकारी स्कूलों में अब रोबोटिक्स और एसटीईएम से पढ़ाई, डीएम ने किया इनोवेशन लैब का उद्घाटन

गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम स्थित अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय में मंगलवार को रोबोटिक्स एवं एसटीईएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) इनोवेशन लैब के पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने किया। इस पहल को उत्तर प्रदेश में अपनी तरह की पहली पहल बताया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों की शिक्षा को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोग, नवाचार और तकनीक से जोड़ना है।
कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए शुरू की गई लैब में बच्चे रोबोटिक्स, सेंसर, कोडिंग, डिजाइन थिंकिंग और समस्या समाधान जैसी गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान एवं गणित की अवधारणाओं को प्रयोग करके सीखेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि कम उम्र से ही बच्चों में जिज्ञासा, तार्किक सोच, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि तकनीक बच्चों के लिए केवल एक विषय नहीं, बल्कि अपनी कल्पनाओं को वास्तविक रूप देने का माध्यम बनेगी।
परियोजना को दीर्घकालिक स्वरूप देने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा) और सर्व हितम मानव सेवा संस्थान के बीच अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए। लैब का संचालन सीएसआर सहयोग से किया जा रहा है। जिला प्रशासन की योजना इस पायलट प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाकर 100 से अधिक सरकारी विद्यालयों तक पहुंचाने की है।
डीएम ने कहा कि आज जिन नन्हे हाथों में तकनीक के छोटे मॉडल हैं, वही भविष्य में बड़ी चुनौतियों के अभिनव समाधान तैयार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार तक पहुंच केवल कुछ बच्चों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सरकारी स्कूलों के हर जिज्ञासु विद्यार्थी को प्रयोग और सीखने का अवसर मिलना चाहिए।
उद्घाटन के बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय की आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास का निरीक्षण किया। उन्होंने गणित की कक्षा में शिक्षक की शिक्षण पद्धति का भी अवलोकन किया। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश यादव, प्रधानाध्यापक इंतजार अली, एसआरजी पूनम शर्मा, एआरपी मीनाक्षी यादव समेत विद्यालय स्टाफ के साथ विभिन्न गतिविधियों पर चर्चा की गई।
विद्यालय में बच्चों द्वारा तैयार किए गए हैंडमेड ग्रीटिंग कार्ड और रंगोली देखकर जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय की रसोइया ने सरकार की ओर से मासिक मानदेय बढ़ाए जाने पर जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया



