एक माह से फुंका पड़ा ट्रांसफार्मर, बिजली उपकेंद्र पहुंचे ग्रामीण

भरथना,इटावा। भरथना विकास खण्ड अन्तर्गत ग्राम नगला बरी साम्हो में करीब एक माह से फुंके पड़े ट्रांसफार्मर को न बदले जाने से नाराज दो दर्जन से अधिक ग्रामीण शुक्रवार दोपहर भरथना विद्युत उपकेंद्र पहुंच गए। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना था कि गांव का ट्रांसफार्मर करीब एक माह पहले फुंक गया था। इसके बाद से ही विद्युत आपूर्ति बाधित बनी हुई है। लंबे समय से बिजली नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज में परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने से घरों में लगे बिजली उपकरण भी शोपीस बने हुए हैं और सबसे अधिक परेशानी पेयजल व्यवस्था को लेकर हो रही है।

शुक्रवार दोपहर गांव निवासी नागेंद्र सिंह,नेम सिंह,अखिलेश कुमार, राज कुमार समेत दो दर्जन से अधिक ग्रामीण एकत्र होकर भरथना विद्युत उपकेंद्र पहुंचे। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या रखी और कहा कि बार-बार सूचना दिए जाने के बाद भी खराब ट्रांसफार्मर को नहीं बदला गया। इससे ग्रामीणों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने विद्युत अधिकारियों से मांग की कि जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर गांव की विद्युत व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि उन्हें लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिल सके।

मामले को लेकर विद्युत उपखंड अधिकारी दिलीप कुमार साहू ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या संज्ञान में आई है। मामले की जानकारी लेने के बाद ट्रांसफार्मर बदलने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि देर रात तक नया ट्रांसफार्मर रखवा दिया जाएगा और इसके बाद विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button