युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
नशा से दूर रहकर युवा बनाएं विकसित भारत

जसवंतनगर,इटावा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार के माय भारत इटावा की ओर से रविवार को हिंदू विद्यालय इंटर कॉलेज में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई और अभियान के बैनर पर हस्ताक्षर कर हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की।
इस दौरान स्लोगन लेखन, हस्ताक्षर अभियान समेत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। युवाओं ने उत्साह के साथ स्लोगन लिखकर नशे के खिलाफ अपनी प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में डैजलर डांस अकादमी के सांस्कृतिक दल ने नशामुक्ति की थीम पर प्रस्तुति देकर नशे के दुष्प्रभावों और इससे दूर रहने का संदेश दिया। अकादमी के प्रमुख जितेंद्र भी मौजूद रहे।
माय भारत इटावा की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा ने बताया कि अभियान के तहत आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार युवाओं की सहभागिता से जागरूकता और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य युवाओं के साथ आमजन को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
इस मौके पर प्रधानाचार्य संजीव कुमार,बीजेपी से अभिषेक रामजी शुक्ला, श्रेयस मिश्रा,विवेक मोना गुप्ता व कार्यक्रम की नोडल कु.नीरज,ऋषभ पाठक,शिवेक,पीयूष, विनायक सहित यूथ क्लब के कार्यकर्ता मौजूद रहे।



