समाधान दिवस: एसडीएम ने सुनी फरियादियों की शिकायतें
दर्ज छह शिकायतों में एक फरियादी को मिला न्याय

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर तहसील सभागार में शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन एसडीएम कुमार सत्यम जीत की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में सीओ आयुषी सिंह, तहसीलदार नेहा सचान, खंड विकास अधिकारी उदयवीर दुबे और खंड शिक्षा अधिकारी गिरीश कुमार मौजूद रहे।
समाधान दिवस में कुल छह शिकायतें दर्ज की गईं,जिसमें एक का मौके पर निस्तारण हुआ।ग्राम कोठी केस्त के सुनील कुमार ने ठेकेदार महेश ठाकुर पर मजदूरी का भुगतान न करने का आरोप लगाया।
ग्राम नगला हरे के गोवर्धन ने पानी निकासी के लिए पक्का नाला बनवाने की मांग रखी। वहीं नगला झम्मन के बृजेश कुमार ने अपनी मापी हुई जमीन पर कब्जे की शिकायत दी। इसके अलावा ग्राम नगला सलहदी की उस्मा देवी ने राशन कार्ड काटे जाने की समस्या बताई और कहा कि उन्हें खाने में कठिनाई हो रही है।एसडीएम कुमार सत्यम जीत ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।



