समाधान दिवस में शिकायतें आई चार: निस्तारण शून्य

नायब तहसीलदार एक का भी मौके पर नहीं कर सकीं निस्तारण

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल चार शिकायतें आईं, लेकिन किसी भी मामले का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। नायब तहसीलदार नेहा सचान की अध्यक्षता में हुए इस आयोजन में पीड़ितों ने भूमि विवाद,धमकी और बकाया भुगतान से जुड़ी समस्याएं रखीं।

नायब तहसीलदार नेहा सचान ने सभी संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस में सबसे पहले ग्राम निलोई निवासी रंजीत कुमार ने मजदूरी का बकाया भुगतान दिलाए जाने को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा।

ग्राम नगला लाइक के सुखबीर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकारी बंटवारा हो चुका है, इसके बावजूद उनकी भूमि पर लगी खूंटियां उखाड़कर दूसरे पक्ष द्वारा कब्जे का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं ग्राम निलोई के विद्याराम ने शिकायत में कहा कि उनके प्लॉट पर उनके भाई की पत्नी जबरन कब्जा करना चाहती है। विरोध करने पर गाली-गलौज की जाती है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

चौथी शिकायत ग्राम रती के अड्डा निवासी वीर सिंह ने की। उन्होंने अपनी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराए जाने की मांग की।

इस दौरान थाना प्रभारी कमल भाटी, उपनिरीक्षक शुभम वर्मा,शिवशंकर, ललित चतुर्वेदी सहित पुलिस और राजस्व विभाग के कर्मी मौजूद रहे। नायब तहसीलदार ने कहा कि सभी प्रकरणों में राजस्व और पुलिस टीम संयुक्त रूप से जांच कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

Related Articles

Back to top button