प्राइवेट लग्जरी बस ने बालक को कुचला

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली कस्बा में शनिवार की भोर होते ही तेज रफ्तार लग्जरी प्राइवेट बस ने सड़क किनारे कबाड़ बीन रहे 12 वर्षीय बालक को कुचल दिया और घटना को अंजाम देकर चालक मय बस के मौके से भाग जाने में सफल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इटावा की ओर से आ रही बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि बालक को संभालने का मौका ही नहीं मिला जिससे बालक की उक्त लग्जरी बस से कुचल कर घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि उसके दो साथी बालक भी दुर्घटना से बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह लगभग 6 बजे इटावा के मुलायम नगर,थाना फ्रेण्डस कालोनी निवासी 12 वर्षीय बालक दर्शन पुत्र गोविन्द,भरथना कस्बा के मुहल्ला जवाहर रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक सरोजनी रोड मार्ग के मोड़ पर किनारे कबाडा बीन रहा था इसी बीच इटावा की ओर से तेज रफ्तार के साथ दौडी चली आ रही अज्ञात लग्जरी प्राइवेट बस के चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए बालक दर्शन को बस से कुचल दिया। उक्त लग्जरी बस इसी मार्ग से ऊसराहार की ओर जा रही थी। जिसके बाद घटना को अंजाम देकर चालक मय बस के ऊसराहार की ओर भाग जाने में सफल हो गया। दुर्घटना इतनी तेज हुई कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी।
मृतक दर्शन के साथी शिवा ने बताया कि वह 3-4 साथी मिलकर कबाड में प्लास्टिक की बोतलें बीनकर उसे बेंचकर अपना गुजारा करते हैं। वह सभी एक दिन पहले ही इटावा से भरथना कबाड बीनने आये थे। बीती रात्रि उक्त स्थान के समीप ही एक चबूतरे पर सो रहे थे। सुबह जागने पर वहाँ प्लास्टिक की बोतलें पडीं थीं, जिन्हें वह बीन रहे थे। इसी बीच तेज रफ्तार लग्जरी बस ऊसराहार जाने के लिए जैसे ही मुडी,बस की चपेट में आने से दर्शन पहिये के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। सुबह के समय सडकों पर आवागमन कम होने के चलते बस चालक मय बस के मौके से भाग जाने में सफल हो गया। घटना की जानकारी होेते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जाँच पडताल कर शव की शिनाख्त के बाद को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। बालक की मौत की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।



