किसान पर पीछे से किया ईंट से हमला
दो भाइयों के विरुद्ध मुकदमा हुआ दर्ज

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुरसैना में शुक्रवार सुबह प्लॉट पर जा रहे किसान पर दो सगे भाइयों ने पीछे से ईंट के टुकड़े से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से किसान घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुरसैना निवासी सुरेश चंद्र पुत्र लक्ष्मीचंद्र के अनुसार,वह शुक्रवार सुबह अपने घर से प्लॉट पर जा रहे थे। रास्ते में गांव के ही विक्रम पुत्र कुलदीप सक्सेना और उसके भाई रंजीत पुत्र कुलदीप सक्सेना ने पीछे से उनके सिर पर ईंट के टुकड़े से वार कर दिया। अचानक हुए हमले में सुरेश चंद्र के सिर में गहरी चोट आई।
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घटना के बाद पीड़ित ने थानाध्यक्ष कमल भाटी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर विक्रम और रंजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक यशवीर सिंह तोमर को सौंपी गई है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपों की जांच कर रही है।



