गाजियाबाद प्रीमियर लीग जी पी एल 2026 का ऐलान, 5 जून से 21 जुलाई तक सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ

गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में बहुप्रतीक्षित गाजियाबाद प्रीमियर लीग जी पी एल 2026 का भव्य आयोजन 5 जून से 21 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में लीग के प्रारूप, नियमावली और प्रमुख आकर्षणों का आधिकारिक अनावरण किया गया।

इस टी-20 लीग में कुल 8 हाई-प्रोफाइल फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच कुल 31 मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें 28 लीग मैच, 2 सेमीफाइनल और 1 फाइनल मुकाबला शामिल है। पूरे टूर्नामेंट को 17 दिनों के क्रिकेट महोत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा।

दर्शकों के लिए प्रतिदिन डबल हेडर मुकाबलों की व्यवस्था की गई है। पहला मैच दोपहर 3:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे फ्लडलाइट्स में खेला जाएगा। खास बात यह है कि मात्र ₹200 के टिकट में दर्शक दोनों मैचों का आनंद उठा सकेंगे।

प्रत्येक टीम में 20 खिलाड़ियों का स्क्वॉड होगा, जिसमें 15 खिलाड़ी गाजियाबाद क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा चयनित किए जाएंगे, जबकि 5 खिलाड़ी फ्रेंचाइजी द्वारा ओपन ट्रायल के माध्यम से चुने जाएंगे। हर टीम में 2 मार्की खिलाड़ी अनिवार्य होंगे, जो IPL स्तर के अनुभव के साथ टीम को मजबूती देंगे।

खिलाड़ियों के लिए आकर्षक मानदेय भी तय किया गया है। मार्की खिलाड़ियों को ₹23 लाख, रणजी ट्रॉफी खिलाड़ियों को ₹1.5 लाख और U-23/U-19 खिलाड़ियों को ₹2.5 लाख तक का भुगतान किया जाएगा।

फ्रेंचाइजी निवेश ₹50 लाख (GST सहित) प्रति टीम निर्धारित किया गया है। वहीं विजेता टीम को ₹1 करोड़ 10 लाख और उपविजेता टीम को ₹25 लाख की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

खिलाड़ी पंजीकरण 4 मई 2026 से शुरू होगा, जिसकी फीस ₹21,000 रखी गई है। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जबकि दस्तावेज जमा करने के लिए राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्रिकेट ग्राउंड पर व्यवस्था की गई है।

लीग का संचालन उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के दिशा-निर्देशों के अनुसार किया जाएगा। अंपायर और स्कोरर UPCA द्वारा नियुक्त किए जाएंगे, जबकि BCCI की एंटी-करप्शन यूनिट भी पूरे टूर्नामेंट पर नजर रखेगी।

जी पी एल 2026 में रिंकू सिंह, प्रियम गर्ग, करण शर्मा, जीशान अंसारी सहित कई नामी खिलाड़ियों की भागीदारी से टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ेगा।

Related Articles

Back to top button