कैमरा तोड़ने से रोका तो युवक को पीटा

विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट, जान से मारने की धमकी देने का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के कैस्त गांव में पंचायत की ओर से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे और बिजली के बल्ब तोड़ने का विरोध करने पर चार लोगों ने युवक के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कैस्त गांव निवासी सोबरन सिंह पुत्र रामदीन ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 12 सितंबर की रात भैंसों के पास सो रहा था। इसी दौरान गांव का पल्लू पुत्र मनोज अपने तीन अन्य अज्ञात साथियों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि चारों लोग पंचायत की ओर से लगाए गए सीसीटीवी कैमरे और बिजली के बल्ब तोड़ने लगे। आवाज सुनकर सोबरन सिंह की नींद खुल गई। उसने आरोपियों को कैमरा और बल्ब तोड़ने से मना करते हुए उन्हें ललकारा।

आरोप है कि विरोध करने पर पल्लू और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद चारों ने सोबरन सिंह के साथ मारपीट की,जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग गए।

पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button