लापता नाबालिग को तीन घंटे में किया बरामद
पुलिस ने ग्वालियर से किया बरामद

इटावा। बढ़पुरा थाना क्षेत्र के नगला अजीत गांव से घर से नाराज होकर निकली 16 वर्षीय नाबालिग को पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ से महज तीन घंटे में ग्वालियर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने नाबालिग की काउंसलिंग करने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
शुक्रवार शाम करीब चार बजे उदी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह को सूचना मिली कि नगला अजीत निवासी 16 वर्षीय किशोरी घर से नाराज होकर कहीं चली गई है। परिजनों ने काफी तलाश की,लेकिन उसका पता नहीं चल सका। चौकी प्रभारी ने तत्काल मामले की जानकारी थानाध्यक्ष कृपाल सिंह को दी।
थानाध्यक्ष ने किशोरी के मोबाइल नंबर की लोकेशन निकलवाई तो उसके इटावा से ग्वालियर की ओर जा रही ट्रेन में होने की जानकारी मिली। इसके बाद चौकी प्रभारी राजकुमार सिंह हमराह हेड कांस्टेबल राजवर्धन सिंह, महिला आरक्षी नित्या यादव और महिला आरक्षी चेतना के साथ निजी वाहन से ग्वालियर रवाना हुए। ग्वालियर स्टेशन की आरपीएफ टीम से समन्वय कर पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
इसके बाद मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने किशोरी की काउंसलिंग की। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे उसके परिवारीजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली।



