नहर विभाग की लापरवाही से किसानों की सैकड़ों बीघा फ़सल जलमग्न

महराजगंज, रायबरेली। नहर विभाग की लापरवाही के चलते किसानों की सैकड़ों बीघा जमीन बरबाद हो गई। जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात ओनई जंगल माइनर में तुर्राब नगर गांव के पास टूटी पुलिया की वजह से माइनर में उफान आने से आस पास के गांवो की करीब 100 बीघे से ज्यादा फसलें जलमग्न हो गई। सुबह खेत की ओर गए किसानों ने पानी भरा देख हैरान रह गए। सींचपाल को सूचना देकर माइनर में पानी बंद कराया गया। उधर जलभराव की वजह से फसलें बर्बाद होने पर किसानों ने मुआवजे की मांग की है।
तहसील क्षेत्र के ओनई जंगल माइनर पर तुर्राब नगर गांव के पास माइनर में उफान आने से तुर्राब नगर व आस पास के गांव पूरे चरी व पूरे बल्दी गांव में करीब 100 बीघा से ज्यादा खेतों में पानी फैल गया।
खेतों में बोई गई गेहूं, सरसों व आलू आदि फसलें जलमग्न हो गई। किसान नंदकिशोर, रामलखन, भारत लाल , राजाराम, जितेन्द्र ,राम केवल, चंद्रपाल, शत्रोहन, अरविंद, अरुण कुमार, राजेंद्र,अशोक कुमार, रामेश्वर,रामसमुझ आदि सहित गांवों के अन्य किसानों के खेतो में जल भराव हो गया। जिससे खेत मे लगी गेंहू, आलू व सरसों आदि की फसल बर्बाद होने की बात किसानों द्वारा कही जा रही है। किसानों ने कहा कि खेतों में ज्यादा पानी भर जाने से फसलें तो बर्बाद हो गई हैं अब समय भी नहीं बचा है कि दोबारा फसलों की बुवाई की जा सके। किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिवार के भरण पोषण के लिए मुआवजे की मांग की है, मुआवजा न मिलने पर किसानों ने धरना प्रदर्शन की बात कही है।



