लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान में जुटेंगे 50 हजार लोग, सीएम योगी करेंगे पदयात्रा

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने महानगर कार्यालय में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की, पांच नवंबर को राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित कार्यक्रम

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ के तहत पांच नवंबर को राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भाजपा नेताओं के अनुसार, पदयात्रा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

मंगलवार को भाजपा महानगर कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पदयात्रा को सफल बनाने के लिए जुटने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

बैठक में नवाब सिंह नागर ने कहा कि विपक्षी दल लोकतंत्र की मर्यादाओं को लांघकर उसे खतरे में डालने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करने का काम कर रहा है। भाजपा की इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य जनता के बीच जाकर वास्तविक स्थिति से अवगत कराना और लोकतंत्र के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि पांच नवंबर को राजनगर एक्सटेंशन में होने वाली पदयात्रा को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button