वेनेजुएला में मचे सियासी घमासान के बीच मादुरो ने अमेरिका को दी चेतावनी

वेनेजुएला में मचे सियासी घमासान के बीच राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका को चेतावनी दी है। मादुरो ने अमेरिका चेताते हुए कहा कि उनके देश पर किसी भी तरह के अमेरिकी हमले का परिणाम वियतनाम युद्ध से भी भयावह होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उनके देश को एक और वियतनाम युद्ध की ओर धकेल रहे हैं।

ट्रंप के खिलाफ अमेरिकियों का मांगा समर्थन

मादुरो ने ट्विटर पर अमेरिकी लोगों को संबोधित करते हुए लिखा है कि वह उनके देश में डोनाल्ड ट्रंप के हस्तक्षेप के खिलाफ उनका समर्थन चाहते हैं। ट्रंप उनके देश को वियतनाम युद्ध की स्थिति में धकेलना चाहते हैं, आप इसे होने मत दो।

वियतनाम युद्ध में अमेरिका को हुआ था भारी नुकसान

आपको बता दें कि वियतनाम युद्ध में अमेरिका को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। कई वर्षों तक चले उस युद्ध में 58 हजार अमेरिकी और चार लाख वियतनामी लोगों की जान गई थी।

ट्रंप ने कहा, यह आजादी की लड़ाई

वहीं, वाशिंगटन में ट्रंप ने ट्वीट कर कहा कि मादुरो को हटाने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी आजादी के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर विपक्ष के नेता और स्वयंभू राष्ट्रपति जुआन गुएडो के प्रति अमेरिकी समर्थन दोहराया है। ट्रंप ने ट्वीट किया,’ पूरे वेनेजुएला में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी आज मादुरो के खिलाफ हैं। आजादी के लिए जंग शुरू हो गई है।’

Related Articles

Back to top button