मुठभेड़ में झपटमारी बदमाश गिरफ्तार: पैर में लगी गोली
महिला का हैंडबैग छीनकर भागे थे तीन बदमाश

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के रम्पुरा निवासी अनुज शाक्य 32 के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी छह अक्टूबर को भरथना क्षेत्र में महिला से हैंडबैग छीनने की घटना में शामिल था।
पुलिस के अनुसार,16 और 17 अक्टूबर की मध्यरात्रि को भरथना पुलिस गंगौरा की ओर जाने वाले रास्ते के आगे भरथना रोड पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इटावा की ओर से बाइक पर आ रहे एक युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि बाइक सवार पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने छह अक्टूबर को भरथना क्षेत्र में बाहरपुरा नहर के आगे एक महिला से हैंडबैग छीनने की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक,बैग में दो हजार रुपये थे,जिन्हें आरोपी ने अपने दो अन्य साथियों के साथ बांट लिया था। उसके हिस्से में 700 रुपये आए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से 700 रुपये बरामद किए हैं। इस मामले में भरथना थाने में मुकदमा दर्ज है। साथ ही आरोपी ने बताया की महिला से छिनैती की घटना में उसके दो अन्य साथी भी शामिल थे. अन्य दो युवको का नाम प्रकाश में आने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
पुलिस के मुताबिक, अनुज शाक्य के खिलाफ इटावा,मैनपुरी,कन्नौज, फर्रुखाबाद,और औरैया के विभिन्न थानों में कुल 33 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें लूट,चोरी,हत्या के प्रयास,अवैध हथियार रखने,अपहरण,फिरौती और गैंगस्टर एक्ट समेत अन्य आरोपों से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस,एक खोखा कारतूस,अपाचे मोटरसाइकिल और 700 रुपये बरामद किए हैं। मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में भरथना थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक नितिन कुमार,कुलदीप सिंह कांस्टेबल इन्द्रीश कुमार समेत पुलिस टीम शामिल रही।



