गाजियाबाद : घर में मृत मिले महिला और दो बच्चे, मायके वालो ने दामाद पर लगाया आरोप

स्टार एक्सप्रेस डिजिटल  : गाजियाबाद जिले के लोनी की उत्तरांचल कॉलोनी के घर में मां और नवजात सहित दो बच्चे मृत मिले। महिला और उसकी पांच वर्षीय बेटी के शव फंदे पर लटके हुए थे, जबकि सवा माह का बेटा बेड पर मृत पड़ा था। पति का कहना है कि दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद उसकी पत्नी ने आत्महत्या की है। वहीं पुलिस का मानना है कि मामला हत्या का भी हो सकता है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलासा हो पाएगा।

 

 

 

 

मूलरूप से शामली जनपद के झाल गांव के रहने वाले अरविंद मलिक ने अप्रैल 2014 में बागपत के बिजरौल बड़ौत की प्रिया दहिया के साथ प्रेम विवाह किया था। उनकी बेटी नव्या पांच वर्ष की थी, जबकि 40 दिन पहले ही प्रिया ने एक बेटे को जन्म दिया था। बताया गया कि अरविंद परिवार के साथ कई वर्षों से उत्तरांचल कॉलोनी में रह रहा था। वह प्रॉपर्टी डीलिंग आदि का काम करता है। प्रिया दहिया बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी।

 

 

 

 

सीओ लोनी अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि अरविंद के अनुसार, रविवार शाम करीब सात बजे वह दूध लेने गया था। कुछ देर बाद लौटा तो उसकी पत्नी प्रिया के गले में रस्सी का फंदा लगा हुआ था और वह दरवाजे के ऊपर लगी ग्रिल से लटकी हुई थी, जबकि उसकी बेटी दुपट्टे से लटकी हुई और बेटा बेड पर मृत पड़ा था।

 

 

 

 

अरविंद ने पड़ोसियों की मदद से पत्नी, बेटी का शव नीचे उतारा और तीनों को दिल्ली के जीटीबी ले गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। अरविंद का कहना है कि प्रिया ने बेटे की गला दबाकर और बेटी की फांसी लगाकर हत्या करने के बाद खुद जान दे दी। वहीं, एसपी देहात डॉ. ई राजा का कहना है कि मौत कैसे हुई है, इसकी सही जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

 

 

 

 

अरविंद का कहना है पत्नी ने दोनों बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। मगर इस वारदात के पीछे वह कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहा है। साथ ही घटना के बाद पुलिस को बिना सूचना दिए उसके जीटीबी अस्पताल से गायब होने पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, इस तरह की घटना के बाद अरविंद का वहां से चले जाना संदेह पैदा करता है। सीओ अतुल कुमार सोनकर का कहना है कि कि अरविंद ने बताया है कि गृह कलेश के चलते प्रिया ने बच्चों की गला घोंटकर हत्या करने के बाद फांसी लगा ली। ऐसे में हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच की जा रही है।

 

 

 

 

मायके वालों ने प्रिया के पति पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, लेकिन सोमवार को भी पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया। प्रिया के मायके वालों ने बताया कि अप्रैल 2014 में उनकी बेटी ने उनकी मर्जी के खिलाफ अरविंद से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद उन्होंने बेटी से संबंध तोड़ लिए थे। तीन वर्ष पूर्व प्रिया अपनी बहन से मिलने गई थी। वहां बताया था कि उसके पति के किसी दूसरी महिला से संबंध हैं तथा आए दिन वह उससे दहेज लाने की मांग करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button