धान रोपाई कर रही महिला को सांप ने डसा, मौत से परिवार में मचा कोहराम

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम घमुरिया में बीती गुरुवार देर शाम खेत में धान की रोपाई कर रही एक महिला की किसी जहरीले सांप के डसने से मौत हो गई। जिसकी खबर से परिजनों में चीख पुकार के बीच बुरी कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
क्षेत्र के ग्राम घमुरिया निवासी राम मूर्ति 55 पत्नी अनंत राम शाक्य गुरुवार शाम करीब छह बजे घर से खेत में रोप गए धान की पौध को दुरुस्त करने निकली थीं। परिजनों के अनुसार तीन दिन पहले खेत में मजदूरों से धान की रोपाई कराई गई थी,लेकिन रोपाई सही तरीके से नहीं होने के कारण राम मूर्ति पिछले तीन दिनों से प्रतिदिन शाम को खेत पर जाकर रोपाई को ठीक कर रही थीं।
बताया गया कि देर शाम करीब 7 बजे पड़ोसी किसान अपने खेतों से कृषि कार्य समाप्त कर घर लौट रहे थे। उन्होंने राम मूर्ति से भी घर चलने के लिए कहा,लेकिन महिला ने थोड़ी देर और काम कर लौटने को कहकर सभी को घर भेज दिया,और राम मूर्ति खेत में रोपाई दुरुस्त करती रही। इस बीच राम मूर्ति को किसी जहरीले सांप ने डस लिया।
करीब रात आठ बजे जब ग्रामीण दोबारा खेतों की ओर पहुंचे तो उन्होंने राम मूर्ति को पानी भरे धान के खेत में अचेत अवस्था में पड़ा देखा। जिसपर ग्रामीणों को पूरी आशंका हुई कि राम मूर्ति को किसी जहरीले सांप ने डस लिया। जिसपर परिजन ग्रामीणों के सहयोग से अचेत अवस्था में राम मूर्ति को आनन-फानन में एम्बुलेंस की मदद से इलाज के लिए भरथना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिससे परिजनों में चीख पुकार के साथ बुरी तरह कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के तीन पुत्र ब्रजेश कुमार,संजीव कुमार और नीलेश कुमार हैं। ब्रजेश और संजीव विवाहित हैं तथा तीनों पुत्र राजस्थान में रहकर नौकरी करते हैं। गांव में केवल पति-पत्नी ही रहते थे। पति अनंत राम शाक्य गांव में एक छोटी-सी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पत्नी की मौत की खबर सुनते ही पति बदहवास हो गए। वहीं,घटना से पूरा गांव में शोक डूब गया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



