बुजुर्ग से मारपीट: जान से मारने की धमकी
पुरानी रंजिश में खेत में जाते समय लाठी-डंडे और सरिया से बुजुर्ग पर हमला करने का आरोप

जसवंतनगर,इटावा। कोतवाली क्षेत्र के महलई गांव में पुरानी रंजिश को लेकर खेत पर गए 65 वर्षीय बुजुर्ग से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि लाठी-डंडे और सरिया से हमला कर बुजुर्ग को घायल कर दिया गया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महलई निवासी अजय पुत्र जगदीश नारायण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता जगदीश नारायण 20 सितंबर की शाम करीब 4:30 बजे खेत पर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के सक्षम, प्रियांशु पुत्रगण शिवकांत उर्फ सोनू अवस्थी और सोनू पुत्र सत्यनारायण ने पुरानी रंजिश को लेकर उनके पिता से गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडे और सरिया से हमला कर दिया। मारपीट में जगदीश नारायण को चोटें आईं और नाक से खून निकलने लगा। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए।
पीड़ित के बेटे ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी कमल भाटी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।



