सरकारी स्कूल की हकीकत आई सामने, टूटी बाउंड्री और गंदगी देख भड़के विक्रम जीत सिंह

मऊ। सरकारी विद्यालयों की व्यवस्थाओं और बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए आम आदमी पार्टी ने जनपद में विद्यालय निरीक्षण अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में पार्टी के जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में बकवल कम्पोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षकों की कमी के साथ ही खेल मैदान, स्वच्छता, पेयजल और बाउंड्री से जुड़ी कई समस्याएं सामने आने का दावा किया गया। विक्रम जीत सिंह के अनुसार कक्षा एक से आठ तक की पढ़ाई के लिए विद्यालय में फिलहाल केवल चार शिक्षक उपलब्ध हैं।
उनका कहना है कि इतने कम शिक्षकों में बच्चों की पढ़ाई किस तरह बेहतर ढंग से हो पाएगी, यह गंभीर चिंता का विषय है। निरीक्षण के दौरान विद्यालय का खेल मैदान भी बदहाल स्थिति में मिला। मैदान में ईंट-पत्थर पड़े होने के साथ जगह-जगह झाड़-झंखाड़ उगा हुआ था। ऐसे में बच्चों के लिए खेलकूद के दौरान चोट लगने का खतरा बना रहता है।
टीम ने विद्यालय की स्वच्छता व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। एक कक्षा में शौचालय जैसी गंदगी और अस्वच्छता की स्थिति मिलने की बात कही गई। इसके अलावा पेयजल के लिए लगी टोंटी टूटी मिली। जूनियर सेक्शन की बाउंड्री भी क्षतिग्रस्त पाई गई, जिससे विद्यालय परिसर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई। विक्रम जीत सिंह ने कहा कि इससे पहले विद्यालय के सीनियर सेक्शन की बाउंड्री की समस्या को तत्कालीन जिलाधिकारी के सामने ज्ञापन और व्यक्तिगत आग्रह के माध्यम से उठाया गया था। इसके बाद वहां बाउंड्री का निर्माण कराया गया।
उन्होंने कहा कि अब जूनियर सेक्शन की बाउंड्री टूटना विद्यालय के रखरखाव पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी बेहतर शिक्षा और सुरक्षित माहौल के हकदार हैं। यदि पर्याप्त शिक्षक, साफ-सफाई, सुरक्षित खेल मैदान, पेयजल और मजबूत बाउंड्री जैसी सुविधाएं नहीं होंगी तो इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर बेहतर बनाना होगा।
आप जिलाध्यक्ष ने बताया कि जनपद के सरकारी विद्यालयों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए चार-पांच कार्यकर्ताओं की कई टीमें बनाई जाएंगी। ये टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में विद्यालयों का निरीक्षण कर वहां की समस्याओं को तथ्य और प्रमाण के साथ संबंधित अधिकारियों के सामने रखेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी जनहित के मुद्दे पर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी। निरीक्षण के दौरान अवधेश मौर्य, अरमान खान, जयचंद, रामचंद्र कुमार, संजय राजभर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



