औचक निरीक्षण करने पहुंचे कुलपति: मचा हड़कम्प

500 बेडेड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के निरीक्षण में कुलपति ने मरीजों को बेहतर सुविधा दिलाने के दिए निर्देश

सैफई, इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई के कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह ने 500 बेडेड सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अस्पताल में आने वाले मरीजों को सुगम,सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कुलपति श्री सिंह ने अस्पताल के दवा वितरण काउंटर,बिलिंग काउंटर तथा सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्थानों पर मरीजों को होने वाली संभावित असुविधाओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने तथा मरीजों के कार्यों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी में चिकित्सकों एवं सपोर्ट स्टाफ की उपस्थिति की भी जांच की। उन्होंने चिकित्सकों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करते हुए एप्रन पहनकर ही मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अनुशासन,समयबद्धता एवं पेशेवर कार्यशैली बनाए रखना मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक है।

इसके अतिरिक्त,उन्होंने अस्पताल में विभिन्न जांच सुविधाओं एवं संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधार के लिए निर्देशित किया। निरीक्षण के दौरान कुलपति ने मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा अस्पताल में उपलब्ध उपचार,जांच एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

कुलपति श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों की सुविधा एवं संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अस्पताल की सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी, पारदर्शी एवं मरीज-केंद्रित बनाए रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button