सोलर पैनल चोरी का खुलासा: तीन चोर गिरफ्तार
पांच सोलर प्लेटें,बिना नंबर लोडर बरामद, सीरियल नंबरों से हुआ चोरी का खुलासा

जसवंतनगर,इटावा। थाना पुलिस ने सोलर पैनल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की पांच सोलर प्लेटें और बिना नंबर का नीले रंग का बजाज मैक्सिमा लोडर बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार नगला हुलासी निवासी अनिल कुमार के खेत में पीएम-कुसुम योजना के तहत लगे सोलर पंप के पैनल 14 और 15 अगस्त की रात चोरी हो गए थे। सोमवार रात सिरहौल नहर पुल के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लोडर रोककर तलाशी ली तो उसमें पांच सोलर प्लेटें मिलीं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित उर्फ लब्बी, रविन्द्र प्रताप और भूपेन्द्र उर्फ रोहित निवासी नगला हीरा सिंह, जसवंतनगर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने करीब डेढ़ माह पहले जारीखेड़ा मार्ग पर एक मकान की छत से छह सोलर प्लेटें चोरी करने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने बरामद प्लेटों के सीरियल नंबर शिकायतकर्ता के बिल से मिलाए, जो मेल खा गए। मुकदमे में धारा 317(2) की बढ़ोतरी कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।



