मोदीनगर में कार चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की वैगनआर बरामद

इंजन बदलकर और नंबर प्लेट हटाकर छिपाई थी कार, बेचने की फिराक में थे आरोपी; वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद

गाजियाबाद। मोदीनगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई वैगनआर कार और वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी कार बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को एक व्यक्ति ने मोदीनगर तहसील के पास से अपनी कार चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार 13 नवंबर को चेकिंग के दौरान पुलिस ने आसिफ निवासी मुरलीपुर और गुलफाम निवासी मुरलीपुर, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने मिलकर वैगनआर कार चोरी की थी। पहचान छिपाने के लिए कार का इंजन बदल दिया था और नंबर प्लेट भी हटा दी थी। आरोपी कार का इंजन निकालकर बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस टीम आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button