बिजली संकट, स्मार्ट मीटर और महंगी दरों के विरोध में आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन

मऊ, 05 जून 2026। प्रदेश में बढ़ती बिजली समस्याओं, अघोषित बिजली कटौती, महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को लेकर आम आदमी पार्टी ने गुरुवार को मऊ में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता (एसई) इं. मगेन्द्र कुमार को सौंपा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि मऊ जनपद से प्रदेश को ऊर्जा मंत्री मिलने के बावजूद जिले सहित पूरे प्रदेश की जनता बिजली संकट से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं और आम लोगों की शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली बिलों में गड़बड़ी, गलत बिलिंग और स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली खर्च में अप्रत्याशित वृद्धि देखने को मिली है। इसके बावजूद विभाग जनता की शिकायतों का प्रभावी समाधान करने में असफल साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग जनता को राहत नहीं दे पा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
विक्रम जीत सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान बिजली संकट ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। प्रदेश के कई जिलों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने की शिकायतें मिल रही हैं। गांवों और शहरों दोनों क्षेत्रों में लोग अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं, व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है।
उन्होंने कहा कि जनता महंगी बिजली दरों का भुगतान कर रही है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित और गुणवत्तापूर्ण बिजली नहीं मिल रही है। घंटों बिजली गुल रहने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोगों को गर्मी और उमस के बीच भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश सरकार से मांग की कि अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए और सभी क्षेत्रों में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही बिजली दरों में राहत देने, स्मार्ट मीटर एवं बिलिंग संबंधी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने तथा उपभोक्ताओं को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
पार्टी नेताओं ने कहा कि बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सरकार को जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आम आदमी पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपने आंदोलन को और व्यापक करेगी।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बिजली व्यवस्था में सुधार, उपभोक्ताओं को राहत और विभागीय जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नारेबाजी भी की। कार्यक्रम में अविनाश सिंह ‘लाला’, अवधेश मौर्य, मनोज कुमार, सुभाष यादव, अरमान खान सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।



