जिला संयुक्त अस्पताल में 18 वर्षीय युवती की मौत, परिजनों ने लगाया इलाज में लापरवाही का आरोप
इमरजेंसी में शव रखकर किया प्रदर्शन, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग; सीएमएस ने जांच का दिया आश्वासन

गाजियाबाद। संजयनगर स्थित जिला संयुक्त अस्पताल में उपचार के दौरान 18 वर्षीय युवती की मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। युवती की मौत से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी में शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों ने जिम्मेदार चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, नेहरूनगर निवासी जयकांत की पत्नी मनीषा को सांस लेने में परेशानी होने पर गुरुवार को जिला संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया कि युवती टीबी संक्रमण से भी पीड़ित थी। शुक्रवार को वार्ड में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती कराने के बाद से शुक्रवार सुबह तक कोई डॉक्टर उसे देखने नहीं आया। उनका कहना है कि समय पर चिकित्सकीय जांच, उपचार और निगरानी की जाती तो मनीषा की जान बच सकती थी। युवती की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और इमरजेंसी में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
परिजनों ने पुलिस को बुलाकर मामले में कार्रवाई की मांग की। बताया जा रहा है कि परिजन पुलिस को तहरीर देकर संबंधित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने भी स्थानीय पुलिस को लिखित सूचना भेजकर मामले में कार्रवाई का अनुरोध किया है।
इस संबंध में सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी। फिलहाल युवती की मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं है। उपचार में लापरवाही के आरोपों की पुष्टि भी जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों की देखभाल और चिकित्सकीय निगरानी की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


