लूट काण्ड में लूटी गई राइफल बरामद
फौजी ढाबा लूटकांड में एक और गिरफ्तार

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी के समीप स्थित फौजी ढाबा पर पांच दिन पहले हुई लूट की घटना में लूटी गई लाइसेंसी 315 बोर राइफल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। राइफल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है।
सीओ आयुषी सिंह ने बताया कि 10 मार्च की रात करीब नौ बजे चार युवक फौजी ढाबा पर पहुंचे थे। उन्होंने ढाबा संचालक राजीव कुमार से खाना पैक करने के लिए कहा। जब ढाबा मालिक राजीव कुमार ने उनसे खाने के पैसे मांगे तो आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने तलवार और लोहे की रॉड से मारपीट की और ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। इसके बाद आरोपी पंजाब नंबर की गाड़ी से नगदी,मोबाइल फोन और लाइसेंसी राइफल लूटकर स्कॉर्पियो से फरार हो गए थे।
घटना के बाद थानाध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों हरप्रीत सिंह, प्रीत सिंह, जगदीप सिंह और हरजिंदर सिंह निवासी लुधियाना (पंजाब) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल,16 हजार रुपये नगद, वारदात में प्रयुक्त वाहन और 315 बोर के सात जिंदा कारतूस बरामद कर लिए थे,लेकिन राइफल बरामद नहीं हो सकी थी।
रविवार सुबह थानाध्यक्ष कमल भाटी के नेतृत्व में अपराधिक गतिविधि रोकथाम हेतु चेकिंग चल रही थी तभी मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि चाँदनपुर गांव की रोड पर स्थित सरकारी ट्यूबवेल के पास फौजी ढाबा लूट कांड में लूटी गई राइफल लिए एक व्यक्ति खड़ा है। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने अपनी टीम के साथ उक्त स्थान पर घेराबंदी कर करहल थाना क्षेत्र के भिडोरा निवासी इदरीश उर्फ गिरीश पुत्र अलमुद्दीन को 315 बोर राइफल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसे राइफल राष्ट्रीय राजमार्ग के ओवरब्रिज पर पड़ी मिली थी,जिसे वह घर ले गया और पुलिस को सूचना नहीं दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।



