मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए एओए-आरडब्ल्यूए से सहयोग की अपील
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मादंड ने सोसायटी पदाधिकारियों के साथ की बैठक, हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के दिए निर्देश

गाजियाबाद। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (एसएसआर) अभियान के तहत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए जिला प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र कुमार मादंड ने आईटीएस कॉलेज, मोहन नगर में विभिन्न आवासीय सोसायटियों के एओए और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने सोसायटियों के अध्यक्षों और सचिवों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में ऐसे नागरिकों की पहचान कराएं, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है। ऐसे पात्र नागरिकों का फॉर्म-6 भरवाकर बीएलओ के माध्यम से पंजीकरण कराया जाए। वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरने की जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड कर 17 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे तत्काल फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर विकास कश्यप, एसडीएम अजीत सिंह, अपर एसडीएम राम शंकर सहित संबंधित अधिकारी और विभिन्न सोसायटियों के पदाधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने के लिए प्रशासन के साथ एओए, आरडब्ल्यूए और आम नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।



