एक्सप्रेस-वे पर रील बना रहे युवकों को ट्रक ने मारी टक्कर: एक की मौत

भरथना,इटावा। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे के गोल चक्कर के पास गुरुवार को रील बनाने के दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यूपीडा एम्बुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव किल्लामपुर निवासी इमरान खान पुत्र समसुद्दीन 19, इरफान खान पुत्र इकबाल 20 और सोनू पुत्र मुल्ला जी 28 एक ही बाइक पर सवार होकर घर जा रहे थे। बताया गया कि तीनों युवक बाइक पर रील बना रहे थे। इसी दौरान भरथना-बिधूना मार्ग पर बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे के गोल चक्कर के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया, जबकि इमरान और इरफान का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उधर, सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश में जुटी है।



