त्योहारी सीजन में आम आदमी को तगड़ा झटका! सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील अचानक हुए महंगे, देखें नई रेट लिस्ट!

Surf Excel Price Hike: त्योहारी सीजन के ठीक बीच आम आदमी की जेब पर महंगाई का एक और बोझ बढ़ गया है। देश की प्रमुख एफएमसीजी कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने घरेलू इस्तेमाल में आने वाले डिटर्जेंट और साबुन की कीमतों में ₹1 से लेकर ₹10 तक का इजाफा कर दिया है। विभिन्न पैक्स के आधार पर कीमतों में अधिकतम 11 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे हर महीने के राशन और ग्रॉसरी बजट पर सीधा असर पड़ना तय है।
कंपनी के सबसे लोकप्रिय डिटर्जेंट ब्रांड ‘सर्फ एक्सेल’ की बात करें तो सर्फ एक्सेल क्विक वॉश का 1 किलो वाला पैक अब ₹235 की बजाय ₹245 का मिलेगा, यानी इसमें ₹10 की सीधी बढ़ोतरी हुई है। इसका 500 ग्राम पैक ₹123 से बढ़कर ₹128 हो गया है। इसी तरह सर्फ एक्सेल ईजी वॉश का 1 किलो पैक ₹167 के स्थान पर ₹172 और 500 ग्राम पैक ₹85 से बढ़कर ₹87 कर दिया गया है। कपड़ों की धुलाई वाले 250 ग्राम सर्फ एक्सेल बार की कीमत ₹42 से बढ़ाकर ₹45 और 200 ग्राम के चार बार वाले फैमिली पैक की कीमत ₹145 से बढ़ाकर सीधे ₹155 कर दी गई है।
‘व्हील’ के दाम भी बढ़ गए
मध्यम और किफायती वर्ग में सबसे ज्यादा बिकने वाले ब्रांड ‘रिन’ और ‘व्हील’ के दाम भी बढ़ गए हैं। रिन डिटर्जेंट पाउडर का 1 किलो पैक ₹120 की जगह अब ₹123 और 500 ग्राम पैक ₹61 से बढ़कर ₹63 का हो गया है। इसके अलावा 500 मिलीलीटर रिन लिक्विड (आला) की बोतल ₹90 से बढ़कर ₹95 की हो गई है। आम घरों की पहली पसंद माने जाने वाले व्हील पाउडर का 1 किलो पैक अब ₹90 की बजाय ₹93 और 500 ग्राम पैक ₹46 की जगह ₹47 में मिलेगा। इसके साथ ही प्रीमियम बाथिंग सेगमेंट में शामिल ‘मोती गुलाब’ साबुन का 150 ग्राम बार ₹74 से महंगा होकर अब ₹82 का हो गया है, जिसमें 10 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई है।
घर जाने वालों की बल्ले-बल्ले! गुजरात, पंजाब और बंगाल से चलेंगी सीधी ट्रेनें, फटाफट देखें टाइम टेबल
उत्पादों के दाम बढ़ाने के पीछे मुख्य वजह कच्चे माल की लागत में लगातार हो रहा इजाफा और मैन्युफैक्चरिंग खर्च का दबाव है। साबुन व डिटर्जेंट निर्माण में उपयोग होने वाले केमिकल्स और पाम ऑयल जैसी सामग्रियों की वैश्विक कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। कंपनी की मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ प्रिया नायर के अनुसार, बढ़ती इनपुट कॉस्ट के असर को संतुलित करने और अपने वित्तीय मार्जिन को सुरक्षित रखने के लिए कंपनी चरणबद्ध तरीके से चुनिंदा उत्पादों के दाम में आवश्यकतानुसार समायोजन कर रही है।



