घर जाने वालों की बल्ले-बल्ले! गुजरात, पंजाब और बंगाल से चलेंगी सीधी ट्रेनें, फटाफट देखें टाइम टेबल

Diwali Special Trains 2026: दीपावली और छठ महापर्व पर घर जाने की जद्दोजहद में जुटे उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। त्योहारों पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए भारतीय रेलवे ने गुजरात, पंजाब और पश्चिम बंगाल से चलने वाली कई जोड़ी स्पेशल और सुपरफास्ट ट्रेनों की घोषणा की है। ये ट्रेनें मुख्य रूप से अहमदाबाद, राजकोट, लुधियाना और हावड़ा से आगरा, लखनऊ, सहरसा, बरौनी और राजगीर जैसे प्रमुख शहरों को सीधे जोड़ेंगी, जिससे घर जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट और आसान सफर का विकल्प मिल सकेगा।
ट्रेन के शेड्यूल पर एक नजर
गुजरात से बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 09441/09442 अहमदाबाद-राजगीर-अहमदाबाद अनारक्षित सुपरफास्ट स्पेशल चलाई जा रही है। यह ट्रेन अहमदाबाद से 4 और 11 नवंबर को रात 11:55 बजे रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:57 बजे आगरा के ईदगाह जंक्शन होते हुए शुक्रवार सुबह 6:55 बजे राजगीर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09442 राजगीर से 6 और 13 नवंबर को सुबह 9:55 बजे चलकर शनिवार शाम 6:35 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। इस रैक में यात्रियों की सुविधा के लिए 2 स्लीपर और 8 जनरल कोच लगाए गए हैं।
गुजरात से ही बिहार के लिए एक अन्य साप्ताहिक सेवा के तौर पर गाड़ी संख्या 09569/09570 राजकोट-बरौनी-राजकोट स्पेशल शुरू की गई है। राजकोट से यह ट्रेन 5, 12, 19 और 26 नवंबर को प्रत्येक गुरुवार शाम 5:00 बजे चलेगी और शनिवार सुबह 9:15 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में बरौनी से 7, 14, 21 और 28 नवंबर को प्रत्येक शनिवार रात 10:00 बजे रवाना होकर सोमवार दोपहर 2:30 बजे राजकोट लौटेगी। इस ट्रेन में 1 सेकेंड एसी, 3 थर्ड एसी, 12 स्लीपर और 4 जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे।
दैनिक और क्षेत्रीय यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 02921/02922 सोगरिया-मथुरा जंक्शन सुपरफास्ट अनारक्षित स्पेशल 6 से 20 नवंबर तक दोनों दिशाओं से रोजाना संचालित होगी। पीआरओ संजय कुमार गौतम के मुताबिक, यह ट्रेन सोगरिया से सुबह 8:30 बजे चलकर दोपहर 2:05 बजे मथुरा पहुंचेगी और वापसी में मथुरा से शाम 5:10 बजे चलकर रात 10:50 बजे सोगरिया लौटेगी। इस रूट के यात्री सामान्य टिकट पर भरतपुर, बयाना, हिंडौन सिटी, श्री महावीर जी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर और इंद्रगढ़ तक की यात्रा सुगमता से कर सकेंगे।
पंजाब और दिल्ली रूट पर भी रेलवे ने अतिरिक्त सेवाएं जोड़ी हैं। प्रवर मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, लखनऊ जंक्शन से लुधियाना के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन शाम 5:40 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 04530/04529 सरहिंद-सहरसा-अंबाला स्पेशल सरहिंद से 6, 10 और 14 नवंबर को तथा सहरसा से 7, 11 और 15 नवंबर को संचालित की जाएगी। मुरादाबाद स्टेशन पर इन सभी अनारक्षित ट्रेनों को 10-10 मिनट का ठहराव दिया गया है ताकि मुसाफिर आसानी से चढ़ और उतर सकें।
अब मनमाना किराया वसूलेंगी एयरलाइंस? केंद्र सरकार के नए ‘विमान नियम’ से मची खलबली
पूर्वी भारत से यात्रा करने वालों के लिए 9 नवंबर से हावड़ा-आनंद विहार टर्मिनस त्योहार विशेष ट्रेन (गाड़ी संख्या 03009) चलाई जा रही है। यह ट्रेन 9, 16, 23 और 30 नवंबर को रात 11:55 बजे हावड़ा से रवाना होकर बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गया, वाराणसी और सुलतानपुर होते हुए अगले दिन शाम 5:00 बजे लखनऊ पहुंचेगी, जहां से यह आनंद विहार के लिए आगे बढ़ेगी। जनरल और स्लीपर कोचों से लैस ये सभी स्पेशल ट्रेनें इस फेस्टिव सीजन में यात्रियों के सफर को काफी आसान और किफायती बनाएंगी।



