खाद-बीज की किल्लत: किसान नेताओं ने दिया 24 घंटे धरना
24 घंटे बाद एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर रखी समस्या दूर कराने की मांग

जसवंतनगर,इटावा। खाद और बीज की किल्लत से परेशान भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में लगातार 24 घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। बुधवार सुबह 11 बजे किसानों ने उप जिलाधिकारी अभिषेक प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। साथ ही समस्या का समाधान नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
धरने की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष अरुण कुमार गुड्डन ने की। किसान नेताओं ने कहा कि रबी फसलों की बुवाई का समय चल रहा है और इस समय किसानों को खाद की सबसे अधिक जरूरत है, लेकिन सहकारी समितियों पर ताले लटके हैं। खाद नहीं मिलने के कारण किसान सुबह से शाम तक भटकने को मजबूर हैं। समय पर खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बुवाई प्रभावित होने के साथ फसलों के उत्पादन पर भी असर पड़ेगा।
किसानों ने प्रशासन से सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था पारदर्शी बनाने की मांग की, जिससे सभी किसानों को समय से खाद मिल सके। इस पर एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह ने आश्वस्त किया कि निर्धारित मानकों के अनुसार किसानों को खाद मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया।
धरने में तहसील उपाध्यक्ष मनोज कुमार,मुख्तार सिंह,विनीत कुमार, तहसील सचिव अनिल कुमार,परवेश कुमार, तहसील प्रवक्ता रामनारायण,जिला महासचिव चंदजीत, जिला प्रवक्ता मुन्नेश सिंह, तहसील संरक्षक अनार सिंह,ब्लॉक संरक्षक मनमोहन सिंह,राय सिंह, मनोज यादव,शिवराज सिंह,पंकज यादव, होतीलाल और राजेश्वर दयाल सहित बड़ी संख्या में किसान एवं यूनियन कार्यकर्ता मौजूद रहे।



